झारखंड राजनीति: BJP के साथ गठबंधन की अटकलों पर JMM ने तोड़ी चुप्पी, हेमंत सोरेन को लेकर बड़ा बयान
![]() |
| Image credit:-hemantsorenjmm instagram handle |
झारखंड की राजनीति में इन दिनों BJP और JMM के संभावित गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं ने गर्मी बढ़ा दी है। हालांकि, अब JMM ने इन अटकलों पर साफ और सीधा जवाब देते हुए कहा है कि ऐसी कोई संभावना नहीं है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान महागठबंधन की ओर से JMM को एक भी सीट नहीं दी गई थी। इसके बाद से ही यह दावा किया जाने लगा कि गठबंधन के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अचानक दिल्ली दौरा इन अटकलों को और मजबूत कर गया। सोशल मीडिया पर इस यात्रा को लेकर यह तक कहा गया कि मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन दिल्ली में BJP नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं, जिससे झारखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
हालांकि, JMM ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा पूरी तरह निजी था और BJP केवल साजिश रचकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारे तीन शब्द—झारखंड झुकेगा नहीं—ही BJP के सभी भ्रमों का जवाब हैं। जनता सब समझ रही है और BJP को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।”
JMM यूथ विंग ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा—“हेमंत सोरेन नाम ही काफी है। संघर्ष से सीखा, सेवा से जीता और न्याय के लिए लड़ना आता है।”
BJP की प्रतिक्रिया
BJP के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने गठबंधन की चर्चाओं को पूरी तरह नकारते हुए कहा कि JMM और BJP “नदी और समुद्र के दो अलग-अलग किनारों” की तरह हैं जिनका मिलन संभव नहीं।
कांग्रेस का BJP पर हमला
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हेमंत सोरेन का BJP के साथ जाने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP अफवाहों के सहारे राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, क्योंकि पार्टी के पास झारखंड में कोई मजबूत नेतृत्व नहीं बचा है।


कोई टिप्पणी नहीं